सुरेंद्र कुमार मिश्र: फाइल फोटो: स्रोत परिजन
झंझरी/रुपईडीह। गोंडा-बहराइच मार्ग पर हिसाब तिवारी पुरवा के पास बुधवार देर रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कौड़िया के उमरा गांव निवासी सुरेंद्र कुमार मिश्र (68) सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी थे। निजी अस्पताल में उनकी पौत्री का जन्म हुआ था। वह घर से भोजन लेकर निजी अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान गोंडा-बहराइच मार्ग पर हिसाब तिवारी पुरवा के पास ट्रक से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में उनकी जान चली गई। कौड़िया थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि हेलमेट न लगाने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हुई है। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। (संवाद)