गोंडा। गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को जिले में आन-बान और शान से तिरंगा लहराएगा। गणतंत्र दिवस को लेकर सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और राजनीतिक दलों के कार्यालय में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शिक्षण संस्थानों पर भी गणतंत्र दिवस को लेकर बच्चों में उत्साह है। पुलिस लाइन में आयोजित परेड में बतौर मुख्य अतिथि श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर शामिल होंगे।
इसके अलावा कमिश्नरी, कलेक्ट्रेट, डीआईजी कैंप कार्यालय, एसपी कार्यालय, विकास भवन, सीएमओ कार्यालय, महिला अस्पताल सहित अन्य सरकारी कार्यालय पर भी आला अधिकारी झंडा लहराएंगे।
गणतंत्र दिवस को लेकर बृहस्पतिवार को शहर से लेकर कस्बों की दुकानों पर तिरंगे की खरीदारी होती रही। बच्चे अपने विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने की तैयारी कर रहे थे।
उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। भाजपा की ओर से सभी मंडलों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने बताया कि जिला कार्यालय के अलावा सभी बूथों पर सरकारी विद्यालयों में शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सीएमओ कार्यालय, जिला महिला अस्पताल समेत सभी सरकारी इमारतों को रंगीन लाइटों से सजाया गया है।