गोंडा। जिला मुख्यालय पर नगर पालिका के वाहन समय से कूड़ा उठाने के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। इससे जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। शिकायत मिलने के बाद डीएम ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका की वाहन वर्कशाॅप में छापा मारा। वाहन प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई और कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम को शिकायत मिली थी कि वाहन प्रभारी कूड़ा उठाने के लिए सफाई नायकों की मांग पर प्रतिदिन गाड़ियों को वार्डों में नहीं भेजते हैं। इससे दो-तीन दिन में कूड़े का ढेर लग जाता है। डीएम नेहा शर्मा सुबह करीब 11 बजे जलकल वर्कशाॅप पहुंचीं तो अफरातफरी मच गई। वहां गंदगी पसरी देखकर डीएम नाराज हो गईं। वाहन प्रभारी मोहम्मद मुस्फिक के साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रोजेक्ट मैनेजर (डीपीएम) नितेश राठौर को भी तलब किया। शहर की साफ-सफाई को लेकर कड़ी हिदायत दी। प्रभारी ईओ अशोक कुमार को जल्द कबाड़ गाड़ियों की नीलामी कराने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि अगर सुधार नहीं होता है तो कार्रवाई की जाएगी।
चार सौ से अधिक कर्मचारी कार्यरत
शहर की साफ-सफाई के लिए चार सौ से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। सभी 27 वार्डों में एक-एक सफाई नायक की तैनाती है। दो विभागीय सफाई निरीक्षक संदीप तिवारी और नुरुस सहर के अलावा एक अन्य निरीक्षक मोहम्मद शारिक कार्यरत हैं। डीपीएम रितेश राठौर ने बताया कि सफाई निरीक्षक संदीप तिवारी की ड्यूटी अयोध्या में लगाई गई है। जबकि नूरुस सहर अवकाश पर हैं। सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए 27 गाड़ियां लगाई गई हैं। वाहन प्रभारी मोहम्मद मुस्फिक का कहना है कि कूड़ा उठाने के लिए जेसीबी, डंपर, सीवर सेक्शन और मैजिक समेत कुल 52 गाड़ियां चलाई जा रही हैं।
जलकल की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
डीएम ने जलकल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। रानी बाजार सभासद वैभव नारायन ने बताया कि गाड़ियां समय से नहीं आ रही हैं। 52 गाड़ियाें में से 22 पुरानी हैं। ठंड के चलते साफ-सफाई को लेकर दिक्कत बनी हुई है। बावजूद इसके व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र के सोनार गली में जलभराव समेत समस्याएं हैं।
सड़क पर खड़े किए जा रहे वाहन
गुरुनानक चौक जलकल गेट तक रोडवेज समेत निजी वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े किए जा रहे हैं। यही नहीं मेडिकल कॉलेज व महिला जिला अस्पताल से निकलने वाले वाहन भी जाम में फंस रहे हैं। स्कूली बच्चों समेत कामकाजी लोगों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रभारी एआरटीओ प्रवर्तन व सीओ सिटी को भी तलब किया। कहा कि शहर में चौराहों पर जाम लग रहा है। यातायात पुलिस, ट्रैफिक ड्यूटी में लगे होमगार्डस व पीआरडी जवानों को सतर्क कर दें कि कहीं भी जाम न लगने पाए।