गोंडा। नगर पालिका परिषद की दुकानों का किराया नहीं चुकाने के वालों किरायेदारों के लिए बुरी खबर है। नगर पालिका ऐसे दुकानदारों की दुकानें सील करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए पालिका प्रशासन ने पुलिस फोर्स मांगी है।
शहर में नगर पालिका की 22 मार्केट में 484 दुकानें हैं। इनमें से करीब 200 को छोड़कर अन्य दुकानदारों की समस्या बढ़ने वाली है। पालिका प्रशासन के मुताबिक करीब 200 दुकानदार ऐसे हैं, जिनका किराया 50 से लेकर 200 रुपये तक था, वे किराया जमा कर रहे थे। हालांकि किराया बढ़ने के बाद उन्होंने भी जमा नहीं किया। 284 दुकानदार ऐसे हैं जो एक साल से किराया नहीं जमा कर रहे हैं। गोंडा बलरामपुर रोड स्थित मार्केट के दुकानदार भवानी प्रसाद व विजय वर्मा ने किराया बढ़ाए जाने पर हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी है। इससे अन्य दुकानदार भी फैसले का इंतजार कर रहे हैं। इस वजह से दुकानदारों ने किराया देना बंद कर दिया है।
अधिशाषी अधिकारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि बकाया किराये को लेकर पालिका के 484 दुकानदारों को पहले ही नोटिस भेजा जा चुका है। अब दुकानों को सील कराने की तैयारी है। इसके लिए पुलिस फोर्स मांगी गई है।