गोंडा। सिविल लाइंस क्षेत्र में पिछले दो दशक से चली आ रही जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने अंबेडकर चौराहे के पास स्थित विद्युत उपकेंद्र से मंडे पुल तक 270 मीटर लंबे सीसी नाले के निर्माण को मंजूरी दे दी है। विनियमित क्षेत्र से 32 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। निर्माण के लिए खोदाई का काम भी शुरू करा दिया गया है।
गोंडा-लखनऊ मार्ग स्थित सिविल लाइंस इलाके में विद्युत उपकेंद्र के पीछे बनी आवासीय कॉलोनी में पिछले 20 वर्षों से बरसात के दौरान जलभराव बड़ी समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के अभाव में बारिश का पानी घरों तक पहुंच जाता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होता है।
कॉलोनी निवासी अखिलेश ने बताया कि बरसात में घरों के अंदर तक पानी भर जाता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका था। वहीं निवासी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि लगातार हुई बारिश के बाद फिर से घर में पानी भर गया है और मजबूरी में तख्त पर खाना बनाना पड़ रहा है।
प्रशासन की ओर से नाला निर्माण के लिए खोदाई शुरू करा दी गई है। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। एसडीएम विशाल कुमार ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र सिविल लाइंस से मंडे पुल तक 270 मीटर सीसी नाला निर्माण के लिए 32 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।