एलबीएस कॉलेज के पास गर्मी के बीच शिकंजी पीते लोग। - संवाद
गोंडा। मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। रविवार शाम चली तेज पुरवा हवा से मौसम में हल्की राहत दर्ज की गई। पूरी रात ठंडी हवा चलने से तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आई और इसका असर सोमवार सुबह तक बना रहा। हालांकि सुबह आठ बजे के बाद धूप तेज होते ही तपिश बढ़ने लगी, जिससे लोगों को घर से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में शीतल पेय की मांग भी बढ़ गई है। चौक-चौराहों और बाजारों में शिकंजी व गन्ने के रस की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है।
सिंचाई विभाग के पास शिकंजी बेच रहे शिवकुमार ने बताया कि मार्च के अंतिम सप्ताह से दुकान लगाना शुरू किया था और अब रोजाना 100 से 200 गिलास शिकंजी बिक रही है। दस रुपये प्रति गिलास की दर से लोग राहत पा रहे हैं। वहीं गन्ने का जूस बेच रहे दीपक ने बताया कि पिछले 15 दिनों में बिक्री में तेजी आई है और जुलाई तक दुकान लगाने की योजना है। इसके बाद वे अन्य कारोबार में जुट जाएंगे।