गोंडा। नजूल की जमीनों पर कब्जा करने के आरोपी बृजेश अवस्थी की रिश्तेदार चांदनी शुक्ला को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शनिवार को पूछताछ के बाद चांदनी को न्यायालय में पेश कर जेल रवाना कर दिया गया। आरोप है कि बृजेश अवस्थी ने नजूल की भूमि पर बनवाए गए आलीशान मकान को कार्रवाई के डर से महज 150 रुपये के स्टांप पर चांदनी के नाम बैनामा कर दिया था।
प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि बीते छह नवंबर को नगर पालिका के अमीन गुरुचरण पांडेय ने नगर कोतवाली में केस दर्ज कराया था। इसमें आरोप लगाया कि भूमाफिया बृजेश अवस्थी ने सिविल लाइंस में कचहरी स्टेशन के सामने नजूल की जमीन पर कब्जा कर बनवाए गए आलीशान मकान को करनैलगंज के पूरेतिवारी की रहने वाली रिश्तेदार चांदनी शुक्ला के नाम कर दिया। इसी दस्तावेज से चांदनी व उसके सहयोगियों ने अवैध निर्माण ढहाने गई नगर पालिका टीम को गुमराह किया। जांच में खुलासा हुआ कि 150 रुपये स्टांप पर करोड़ों के मकान को बेच डाला गया। आरोप है कि चांदनी भी बृजेश अवस्थी के गिरोह की सदस्य है। नगर कोतवाली पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
अपराध शाखा के प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह और वरिष्ठ उपनिरीक्षक ब्रह्मानंद सिंह की अगुवाई वाली टीम ने शनिवार को पूरे तिवारी गांव से चांदनी को गिरफ्तार कर न्यायालय से जेल रवाना कर दिया।