गोंडा। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन में शनिवार को रोचक मामला सामने आया। करनैलगंज में समाजवादी पार्टी से दो-दो उम्मीदवारों के नामांकन ने सभी को चौंका दिया। शुक्रवार को निवर्तमान चेयरमैन रजिया खातून ने नामांकन किया और शनिवार को सपा से ही रेहाना बेगम ने भी नामांकन कर दिया। जबकि सपा ने अभी तक टिकट घोषित ही नहीं किया है।
करनैलगंज नगर पालिका परिषद में शामिल होने से अस्तित्व खो चुकी ग्राम पंचायत करनैलगंज ग्रामीण के प्रधान मो. अहमद की पत्नी बदरुनिशां ने भी शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर दिया। यहां सबसे अधिक चार नामांकन एक ही दिन में हुए। पार्टियों ने भले ही टिकट तय नहीं किया मगर लोग नामांकन कर रहे हैं। करनैलगंज में भाजपा के पूर्व चेयरमैन रामजीलाल मोदनवाल की पत्नी रामलली के नामांकन के बाद सपा में भी नामांकन की होड़ मच गई है।
पालिका की निवर्तमान चेयरमैन व सपा नेता शमीम अच्छन की पत्नी रजिया खातून ने शुक्रवार को ही नामांकन कर दिया था। शनिवार को सपाई फहीम सिद्दीकी की पत्नी रेहाना बेगम के नामांकन से माहौल गरमा गया है। निर्दलीय इशरत जहां ने भी नामांकन किया है। फिलहाल सपा में इस स्थिति से जहां चिंता बढ़ गई है, वहीं भाजपा में नई उम्मीद जग गई है। हालांकि अभी टिकट तय होने से स्थिति में बदलाव होने के आसार हैं।
कटरा बाजार नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर तीन नामांकन हुए हैं। यहां नामांकन में भाजपा विधायक के भाई की इंट्री से माहौल गरमा गया है। यहां अध्यक्ष पद पर विधायक बावन सिंह के भाई विजय प्रताप उर्फ तिरपन सिंह की पत्नी कमलेश ने नामांकन कर सबको चौंका दिया है। जबकि टिकट तय होने के बाद ही नामांकन होना था। यहां भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन प्रसाद तिवारी भी दावेदारी कर रहे हैं, जो टिकट का अभी इंतजार कर रहे हैं। वहीं महताब व सुबीना बानो ने भी नामांकन किया है। मनकापुर व परसपुर में कोई नामांकन नहीं हुआ है।
नवाबगंज नगर पालिका में चाची के सामने भतीजी ने नामांकन किया है। यहां अध्यक्ष पद के लिए धर्मेंद्र के अलावा अल्पना सिंह ने नामांकन किया है। अल्पना की जेठानी व पूर्व चेयरमैन स्व. अंजू सिंह की बेटी आकांक्षा सिंह ने भी नामांकन किया है। साल 2017 में जेठानी अंजू सिंह के सामने भी अल्पना सिंह ने चुनाव लड़ा था।
नगरीय निकाय चुनाव में शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए 14 तो सभासद पद के लिए 125 नामांकन हुए हैं। जिसमें गोंडा नगर पालिका से अध्यक्ष पद पर एक व सभासद के लिए 41, करनैलगंज में अध्यक्ष पद पर चार व सभासद पर 27, नवाबगंज में अध्यक्ष पद पर तीन व सभासद पर 15 नामांकन हुए हैं। खरगूपुर में सभासद के लिए तीन, धानेपुर में अध्यक्ष पद पर तीन व सभासद पर 16, तरबगंज में सभासद पर पांच, बेलसर में सभासद पर सात, कटरा बाजार में अध्यक्ष के लिए तीन व सभासद पद पर 11 नामांकन हुए हैं।
नगरीय निकायों में शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए 39 तो सभासद पद के लिए 188 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है। इसमें गोंडा में अध्यक्ष के चार व सभासद के 36, करनैलगंज में सभासद के 20, नवाबगंज में अध्यक्ष का एक व सभासद के 20, खरगूपुर में अध्यक्ष के 14 व सभासद के 32, धानेपुर में अध्यक्ष के 11 व सभासद के 21, तरबगंज में अध्यक्ष के दो व सभासद के पांच, बेलसर में अध्यक्ष के एक व सभासद के 10 नामांकन पत्र बिके। कटरा बाजार में अध्यक्ष के एक व सभासद के 18, परसपुर में अध्यक्ष के तीन व सभासद के 15 तथा मनकापुर में अध्यक्ष के दो व सभासद के 11 नामांकन पत्र खरीदे गए हैं।