झंझरी ब्लॉक के भरहापारा बूथ पर प्रधान पद के चुनाव के लिए शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान कराया गया। पुनर्मतदान में कुल 957 मतों में 510 वोट डाले गए। दोबारा कोई वारदात न हो, इसके लिए बूथ पर भारी पुलिस बल के साथ अधिकारी भी डेरा डाले रहे।
झंझरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत फिरोजपर के भरहापारा में एक दिसंबर को मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग को लेकर हुए बवाल में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जबकि गोली लगने से दो लोग घायल हो गए थे।
चुनाव में हुई हिंसा को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने भरहापारा बूथ के चुनाव को रद कर दिया था। आयोग के आदेश पर जिलाधिकारी ने भरहापारा बूथ पर पांच दिसंबर को पुनर्मतदान कराने का निर्देश दिया था।
शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुनर्मतदान कराया गया। सुबह से ही वोटरों की भीड़ बूथ पर पहुंचने लगी थी। दोपहर बाद बूथ पर सन्नाटा पसर गया। इस बूथ पर कुल 957 वोटर थे, जिसमें से कुल 510 वोट ही पड़ सके।
बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। मतदान के दौरान एसडीएम अवनीश कुमार, सीओ तरबगंज, कोतवाल देहात बूथ पर ही डेरा डाले रहे।