मोतीगंज (गोंडा)। दनोवा गांव बुधवार की रात कच्ची शराब बनने की सूचना पर हमराहियों संग छापा मारने गए चौकी प्रभारी व सिपाहियों को कच्ची शराब के कारोबारियों ने घेर लिया और हमला कर दिया। कच्ची शराब के कारोबारियों ने चौकी प्रभारी की जमकर पिटाई की। जिससे वह घायल हो गए। सूचना पर थानाध्यक्ष भारी संख्या में फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी है।
थाना मोतीगंज क्षेत्र के चौकी प्रभारी सोम प्रताप सिंह बुधवार की देर रात हमराही मुख्य आरक्षी संजीत सिंह, आरक्षी हरिनारायण सिंह व दिनेश सिंह के साथ क्षेत्र भ्रमण में निकले थे। वह कुंदरुखी तिराहे पर मौजूद थे। इसी बीच दनोवा गांव में कच्ची शराब बनाने की सूचना मिली तो वह थानाध्यक्ष को बताए बगैर हमराहियों के संग छापा मारने पहुंच गए। वहां कच्ची शराब बनाने के कारोबारियों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। सिपाही तो किसी तरह भागकर बच गए। मगर चौकी प्रभारी को कच्ची शराब बनाने के कारोबारियों ने घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई की। जिससे वह घायल हो गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष आरपी सोनकर भारी संख्या में फोर्स लेकर व डायल 100 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। मगर तब तक कच्ची शराब के कारोबारी मौके से फरार हो गए। एसपी आरके नैयर ने चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुुमार को सौंपी है।
आबकारी टीम पर भी हो चुका है हमला, निरीक्षक को था पीटा
मोतीगंज थाना क्षेत्र के दनोवा गांव में तत्कालीन थानाध्यक्ष अरविंद प्रताप सिंह की तैनाती के दौरान वर्ष 2013 में कच्ची शराब के कारोबारियों ने छापा मारने पहुंची आबकारी टीम पर भी हमला किया था। कच्ची शराब के कारोबारियों ने उस दौरान आबकारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी को भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा था, गाड़ियां तोड़ दी थीं और आबकारी सिपाहियों को भी पीटा था। सूचना पर तत्कालीन थानाध्यक्ष अरविंद प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और कच्ची शराब के आधा दर्जन कारोबारियों की पिटाई करने बाद उन्हें गिरफ्तार किया था।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के दनोवा गांव में छामा मारने के दौरान जिन लोगों ने चौकी प्रभारी समेत पुलिस टीम पर हमला किया है। वह कच्ची शराब के कारोबारी बताए जा रहे हैं। फिलहाल हमले की सूचना समय पर न देने के कारण चौकी प्रभारी कहोबा सोम प्रताप सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार को दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -आरके नैयर, पुलिस अधीक्षक