गोंडा। जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिए प्रत्याशी का नाम तय करने को लेकर रार बढ़ने लगी है। भाजपा के दोनों सांसद अपने- अपने समर्थक को अध्यक्ष बनवाने की होड़ में अब खुलकर आमने सामने आ चुके हैं। आम लोगों के साथ ही विपक्षी दलों में भी भाजपा प्रत्याशी के घोषित होने वाले नाम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
राजधानी में बीते दिनों दोनों सांसद की मौजूदगी के बाद से प्रत्याशी के नाम को लेकर कयास तेज हो गए हैं। फिलहाल एक सांसद तो वापस लौटकर चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं जबकि दूसरे अभी लखनऊ में ही डेरा डाले हैं।
पार्टी के भरोसेमंद लोगों की माने तो भाजपा की तरफ से अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी बनाने को तीन नाम तय कर पार्टी हाईकमान को भेज दिए गए हैं। इसमें से किसकी कितनी चमकेगी इसका निर्णय पार्टी स्तर से ही होगा।
जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष के निर्वाचन में 65 जिला पंचायत सदस्यों को करना है। जिसमें 33 सदस्यों का समर्थन अध्यक्ष जीतने के लिए चाहिए। चुनाव के बाद से भाजपा अपने समर्थन में सदस्यों का एकजुट करने के प्रयास में जुटी हुई है। वर्तमान में पार्टी तीस के करीब डीडीसी सदस्यों के समर्थन का दावा अपने पक्ष में कर रही है।
इसके साथ ही पार्टी के दोनो सांसद गोंडा के सांसद कीर्तिवर्धन सिंह और कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह अपने अपने समर्थक को अध्यक्ष की कुर्सी दिलवाने की जोड़तोड़ में जुटे हैं।
जिला पंचायत के चुनावों में सांसद बृजभूषण शरण सिंह का तजुर्बा कई पंचवर्षीय चुनाव का है, जिसका लोहा कई बार वह मनवा भी चुके हैं। इस बार भी पार्टी में उनकी मर्जी का ही प्रत्याशी सामने आने की कयास लगायी जा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सूर्य नारायन तिवारी बताते हैं कि तीन नामों को प्रस्तावित किया गया है। पार्टी की ओर से जिसके नाम की घोषणा होगी, उसे पूरी जिम्मेदारी व समर्थित भाव से एकजुट हो चुनाव में जीत दिलायी जाएगी।
- जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव का बिगुल बज चुका है। तिथियां तय हो गई हैं, जिसमें 26 जून को नामांकन होने के साथ ही उसी दिन नामांकन के जांच की प्रक्रिया पूरी होनी है। नाम वापसी 29 जून को होगा और 3 जुलाई को मतदान होगा। उसी दिन दोपहर तीन बजे से मतगणना होगी।