गोंडा। वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली मूकबधिर बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया है। पीड़िता की मां ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी की मां ने वजीरगंज थाने में तहरीर देकर बताया कि वह अपने परिवार संग पंजाब के लुधियाना में रहती हैं। 26 अप्रैल को पट्टीदारी में शादी थी। इसके लिए वह दो दिन पहले सपरिवार गांव आई थीं। शादी के दूसरे दिन शनिवार की दोपहर उनकी मूकबधिर बेटी को शादी में आया एक युवक बहलाकर पास के खंडहर में ले गया। वहां उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। जब बेटी काफी देर तक घर नहीं आई तो वह तलाशने निकलीं। इस पर आरोपी युवक भागने लगा। बेटी के इशारा करके बताने पर गांव के लोगों ने दौड़ाकर आरोपी को दबोच लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी ननगुन गौतम निवासी बेलिया थाना वजीरगंज के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी को रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।