गोंडा। मौनी अमावस्या के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी है। आरपीएफ की दो अतिरिक्त टीमों के साथ ही जीआरपी के जवान पूरे स्टेशन परिसर व प्लेटफार्मों पर मुस्तैद हैं। वहीं, गोंडा रेलवे स्टेशन से प्रयागराज के लिए सीधी ट्रेन न होने से श्रद्धालु परेशान रहे।
महाकुंभ में बुधवार को मौनी अमावस्या पर संगम में स्नान के लिए जिले से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज जा रहे हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गोंडा रेलवे स्टेशन पर आने व जाने वाली ट्रेनों तथा प्लेटफार्मों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जीआरपी इंस्पेक्टर अरविंद शर्मा ने बताया कि रोजाना के मद्देनजर तीन गुना ज्यादा सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। जिन्हें विभिन्न प्लेटफार्म पर तैनात किया गया है।
दूसरी ओर देवीपाटन मंडल के मुख्यालय का रेलवे स्टेशन होने के बावजूद महाकुंभ पर प्रयागराज के लिए सीधी ट्रेन नहीं चलाई गई। इससे यात्रियों को दिक्कतें हुईं। मनोज पाठक, अरविंद तिवारी, कुशल कुमार, शेषनाग पाठक, सुरेश चंद पाठक, विजय मिश्र व चंद्रिका प्रसाद ने कहा, रेलवे को गोंडा से प्रयागराज के लिए सीधी ट्रेन चलानी चाहिए।