इटियाथोक (गोंडा)। गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राॅली की टक्कर से बृहस्पतिवार दोपहर रेलवे गेट टूट गया। इसके बाद रेलवे गेट हाईवोल्टेज लाइन से टकरा गया। चालक ने ट्रैक्टर से कूद कर जान बचाई।
परसिया बहोरीपुर गन्ना क्रय केंद्र से चालक शिव शंकर ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर बलरामपुर चीनी मिल जा रहा था। रेलवे स्टेशन के दक्षिणी फाटक पर पहुंचा तो ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गेट के पोल से भिड़ गया।
गेट का ऊपरी हिस्सा रेलवे की हाईवोल्टेज लाइन से टकरा गया। इससे करीब दो घंटे तक परिचालन बाधित रहा। गोंडा की तरफ जा रही एक मालगाड़ी को इटियाथोक रेलवे स्टेशन पर रोका गया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि परिचालन शुरू हो गया है।