फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: सिलिंडर के लिए भोर से लगी कतार

Tue, 10 Mar 2026 11:44 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
धानेपुर व मनकापुर में गैस सिलिंडर के लिए लगी लोगों की कतार। -स्रोत: उपभोक्ता
विज्ञापन
धानेपुर/मसकनवा/गोंडा। खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के बीच जिले में रसोई गैस को लेकर अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया है। कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने के बाद कहीं घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति भी न बंद हो जाए, इस आशंका के चलते हर कोई सिलिंडर स्टॉक करना चाहता है। इसके चलते जिले में एलपीजी सिलिंडर की मांग सामान्य दिनों की तुलना में अचानक दोगुनी हो गई है। जहां आम दिनों में प्रतिदिन करीब तीन हजार सिलिंडर रिफिल होते थे, वहीं इन दिनों पांच से छह हजार उपभोक्ता सिलिंडर रिफिल कराने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। मंगलवार को कई गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं। कुछ स्थानों पर स्टॉक खत्म होने से एजेंसियों को गेट बंद करना पड़ा।
विज्ञापन

धानेपुर नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित गैस एजेंसी पर मंगलवार को सुबह चार बजे से ही उपभोक्ताओं की लाइन लग गई। शहजाद, मोबिन, रेहान, शाकिब, आवेश, साबिर और रिजवान ने बताया कि सुबह से लाइन में खड़े हैं, लेकिन दोपहर तक गैस नहीं मिल सकी। एजेंसी के संचालक बृजभूषण वर्मा ने बताया कि उपभोक्ता बिना बुकिंग के गैस लेने पहुंच रहे हैं, जबकि कंपनी की ओर से ओटीपी के बिना सिलिंडर देने की अनुमति नहीं है। मंगलवार को 504 सिलिंडर का वितरण किया गया, जबकि करीब 1,500 बुकिंग अभी लंबित हैं। भीड़ के कारण उपभोक्ताओं के बीच विवाद की स्थिति भी बन गई, जिसके चलते पुलिस को बुलाना पड़ा।
मसकनवा बाजार स्थित गैस सर्विस पर भी सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ देखने को मिली। एजेंसी की संचालक प्रियदर्शनी सिंह ने बताया कि मंगलवार को 612 घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति हुई है, जिन्हें बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को दिया जा रहा है। एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं की संख्या 40 हजार से अधिक है। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी से गैस की आपूर्ति कम होने के कारण किल्लत बनी हुई है।
विज्ञापन

लोड न आने के कारण बंद रही एजेंसी
नवाबगंज। कस्बे की भार्गव गैस एजेंसी पर मंगलवार को गैस का लोड नहीं आने से वितरण बंद रहा। इससे सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को मायूस होकर लौटना पड़ा। एजेंसी संचालक आभा भार्गव ने बताया कि सोमवार तक वितरण हुआ था, लेकिन मंगलवार को लोड नहीं आने से गैस नहीं मिल सकी।
कटरा बाजार। गैस एजेंसी संचालक सुमित ने बताया कि तीन दिन से सिलिंडर का लोड नहीं आया है और 350 से अधिक बुकिंग लंबित है। गोदाम में स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है।
परसपुर। गैस एजेंसी के मालिक ऋषि वर्मा ने बताया कि दो दिन से गोदाम में गैस नहीं है, हालांकि नया लोड रास्ते में है। वहीं, रफीनगर स्थित एजेंसी पर मंगलवार को लंबी कतार के बीच वितरण जारी रहा। मैनेजर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि स्टॉक में 306 घरेलू और 11 कॉमर्शियल सिलिंडर थे, जिनमें से दोपहर तक 230 सिलिंडर वितरित किए जा चुके हैं।
धैर्य रखें उपभोक्ता
जिले में गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है। कुछ उपभोक्ता जरूरत से अधिक सिलिंडर का भंडारण करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है। उपभोक्ताओं से अपील है कि एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। गैस बुक कराने के 24 से 48 घंटे के भीतर बिना अतिरिक्त शुल्क के सिलिंडर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचा दिया जाएगा।
विज्ञापन

कुंवर दिनेश प्रताप सिंह, डीएसओ

धानेपुर व मनकापुर में गैस सिलिंडर के लिए लगी लोगों की कतार। -स्रोत: उपभोक्ता

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें