चांदपुर में पीड़ित परिवार से बात करते पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह। स्रोत: सोशल मीडिया
बेलसर। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सोमवार को नगर पंचायत बेलसर के चांदपुर गांव पहुंचकर हाल ही में सड़क हादसे में मृत तीन मजदूरों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन की कार्यशैली और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए।
पूर्व सांसद ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत सड़कों की खोदाई कर लंबे समय तक अधूरा छोड़ दिया जाता है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चांदपुर के तीन मजदूरों की मौत भी हरखापुर के वीरसिंहपुर गांव के पास जल जीवन मिशन की ओर से खोदी गई सड़क में ट्रक धंसने और पलटने के कारण हुई। उन्होंने कहा कि सिर्फ गोंडा ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं। विभाग सड़कें ठीक कराने की जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है, जिसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।
चांदपुर के बाद पूर्व सांसद हाल ही में सड़क हादसे में मृत स्थानीय व्यापारी राकेश सिंह के आवास भी पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गोलू सिंह, सूर्य नारायण मिश्र आदि मौजूद रहे।