गोंडा। सड़क निर्माण के समय जानलेवा गड्ढे खोदे जाने पर प्रशासन की निगाहें टेढ़ी हो गई है। लोक निर्माण विभाग के तीनों खंडों के अधिशासी अभियंताओं से गड्ढों के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है। इधर, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओमप्रकाश सोनकर को शासन ने हटा दिया है। उन्हें मेरठ में तैनाती दी गई है। इधर, मार्गों के निर्माण में मिट्टी खोदाई की रिपोर्ट पर जिला प्रशासन में मंथन जारी है। ठेकेदार निशाने पर है।
मनकापुर के सोतिया के डिघिया गांव में गड्ढे में दबने से दो बच्चों की मौत मामले में पीडब्ल्यूडी के अफसरों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। डीएम डॉ. उज्जवल कुमार ने गड्ढों के अधिक गहराई पर नाराजगी जताई और विभाग से पूरी रिपोर्ट तलब की है।
माना जा रहा है कि अभी मुख्य अभियंता के तबादले की उम्मीद नहीं थी। लेकिन मनकापुर में हुई घटना से विभाग की लापरवाही बड़ा कारण रहा है। मुख्य अभियंता के तबादले को जोड़कर देखा जा रहा है। प्रशासन अब ऐसी सड़कों की रिपोर्ट तैयार कर रहा है जहां बड़े गड्ढे सड़क निर्माण से बन गए हैं।
पीडब्ल्यूडी ने शुरू की कार्रवाई
- सड़कों के किनारे गड्ढों को भरने की कार्रवाई पीडब्ल्यूडी ने शुरू की है। इसके साथ ही सड़कों के निर्माण का निरीक्षण किया जा रहा है।
डॉ. उज्जवल कुमार, जिलाधिकारी