गोंडा। अघोषित बिजली कटौती समेत अन्य समस्याओं को लेकर शुक्रवार को अवध केसरी सेना के पदाधिकारियों ने मुख्य अभियंता विद्युत कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
मुख्य अभियंता कार्यालय के सामने जुटे पदाधिकारियों ने धरना देकर जमकर नारेबाजी की। पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है। कटौती तत्काल प्रभाव से बंद कराई जाए। निर्धारित शेड्यूल के तहत आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बिजली बिल में गड़बड़ी पर रोक लगाई जाए। कहा कि जिले में जितने भी स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उनका बिल बढ़कर आ रहा है। ट्रांसफार्मर जलने पर कई-कई दिन तक बदला नहीं जाता। ऐसे में उपभोक्ताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ट्रांसफार्मर जलने पर तुरंत बदलवाए जाएं। इस दौरान रामनरेश पांडेय, आलोक सिन्हा, नीरज सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, नील ठाकुर, सूरज उपाध्याय, संतोष सिंह, मनीष सिंह, भोला सिंह, सोनू सिंह, सुनील यादव, विष्णु शुक्ल, देवीप्रसाद आदि मौजूद रहे।