गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने आगामी पर्वों को देखते हुए बड़ोदरा और गोरखपुर के बीच साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। बड़ोदरा से 27 सितंबर से प्रत्येक शनिवार और गोरखपुर से 29 सितंबर से प्रत्येक सोमवार को यह ट्रेन गोंडा के रास्ते 10 फेरों के लिए चलाई जाएगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि बड़ोदरा-गोरखपुर साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन (09111) प्रत्येक शनिवार को बड़ोदरा से शाम सात बजे प्रस्थान करेगी। गोधरा, रतलाम, कोटा, भरतपुर, टुंडला जंक्शन, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कानपुर और लखनऊ होते हुए दूसरे दिन रात 08:40 बजे गोंडा और बस्ती होते हुए रात 11:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में गोरखपुर-बड़ोदरा साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन (09112) प्रत्येक सोमवार को सुबह पांच बजे गोरखपुर से रवाना होगी। बस्ती होते हुए सुबह 07:30 बजे गोंडा पहुंचेगी। इसके बाद लखनऊ, कानपुर, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, टुंडला जंक्शन से गुजरते हुए दूसरे दिन रात 12:35 बजे कोटा पहुंचेगी। वहां से रतलाम, गोधरा होते हुए सुबह आठ बजे बड़ोदरा पहुंचेगी। इस ट्रेन में 21 कोच लगाए जाएंगे। (संवाद)