जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर शुक्रवार को परिषदीय प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के बच्चों के बीच खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इसमें कक्षा छह से आठ तक बच्चों ने दौड़, कूद, गोलाफेंक सहित अन्य खेलों में प्रतिभाग किया। कटरा बाजार में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानीभीख शुक्ल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया।
शिक्षा क्षेत्र छपिया के पूर्व माध्यमिक विद्यालय चारू प्रथम में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी उदयशंकर चौधरी तथा समापन प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय ने किया।
ब्लॉक सह समन्वयक हिमांशु त्रिपाठी ने बताया कि की कबड्डी प्रतियोगिता में चारू को प्रथम तथा पूर्व माध्यमिक बगदर को द्वितीय स्थान मिला।
जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय चारू ने प्रथम व प्राथमिक विद्यालय बौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 50 मीटर बालिका वर्ग की दौड़ में नेहा को प्रथम स्थान तथा सरिता को द्वितीय स्थान मिला। इस दौरान विभिन्न टीमों के बीच ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक सहित अन्य खेल प्रतियोगिताएं हुई, जिसमें विजयी प्रतिभागियों को खंड शिक्षा अधिकारी ने पुरस्कृत किया।
इटियाथोक विकास खंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के परिसर में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में 70 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
दौड़, खो-खो, कबड्डी, ऊंची-लंबी कूद, गोला फेंक, सुलेख, चित्रकला आदि में प्रथम स्थान लाने पर रोली, पंकज, कान्ती, नसरीन, मोहित, नीलू, बविता, आरिफ, नन्दनी, गीता, रामू, विद्याशंकर, राम अवध आदि छात्रों को पुरस्कार भी दिया गया।
ब्लॉक संसाधन कें हलधरमऊ के प्रांगण में आयोजित खेल प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर पर 50 मीटर बालिका दौड़ में मैसर जहां प्रथम, अफसाना द्वितीय व रूखसाना तृतीय रही।
लंबी कूद बालक वर्ग में खातिब अहमद प्रथम, जलालुद्दीन द्वितीय व सुधीर तृतीय स्थान पर रहे। सुलेख प्रतियोगिता में रूबी प्रथम, अनूप पाण्डेय द्वितीय व प्रिया पाल तृतीय स्थान पर रही।
वहीं उच्च प्राथमिक स्तर पर 100 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में पूजा प्रथम, निशा द्वितीय व सुबीना तृतीय रहीं। 100 मीटर बालक दौड़ में प्रदीप प्रथम, रूपेश द्वितीय व अजमल तृतीय रहे। गोला फेंक प्रतियोगिता में प्रदीप प्रथम, मोहम्मद शोएब द्वितीय व दिनेश को तृतीय स्थान मिला।