गोंडा। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से बचने के लिए जनप्रतिनिधियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोविड हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया। सोमवार को जिला अस्पताल में भाजपा जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी ने पोस्ट कोविड वार्ड तथा कोविड हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया।
जिलाध्यक्ष ने मरीजों को कोरोना किट का वितरण किया। तरबगंज विधायक प्रतिनिधि तरबगंज विनोद कुमार पांडेय ने बेलसर सीएचसी पर करोना किट वितरित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि सरकार जन-जन के स्वास्थ्य रक्षा के लिए संवेदनशील हैं। सीएचसी, पीएचसी के साथ ही गांव-गांव टीम भेजकर टीकाकरण करवा रही है। सीएचसी मुजेहना में विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने कोविड हेल्प डेस्क का उद्घाटन कर लोगों को कोरोना किट का वितरण किया।
गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोरोना किट का वितरण किया। कटरा विधायक बावन सिंह ने हलधरमऊ सीएससी पर कोविड हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया।
पड़री कृपाल सीएचसी पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गौरव सिंह ने कोविड हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया। गौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मसकनवा का औचक निरीक्षण किया।
सीएचसी छपिया में निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ. आलोक सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
विधायक ने पीएचसी बभनान में तैनात एक चिकित्सक का पीएचसी में न बैठने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होने कहा की क्षेत्र के सभी सीएचसी पीएचसी में तैनात चिकित्सक, फार्मासिस्ट, एलटी सहित अन्य स्टाफ अपनी ड्यूटी सही ढंग से करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक प्रभात कुमार वर्मा व खंड विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद यादव ने पीएचसी मसकनवा में हो रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पीएचसी पर तैनात चिकित्सक व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र आने का निर्देश दिया। -संवाद