फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने की स्वगणना

Mon, 16 Nov 2026 11:11 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। जनगणना-2027 के तहत सोमवार से स्वगणना अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के पहले दिन जनप्रतिनिधियों के साथ जिले के प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों ने अपनी स्वगणना की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने स्वगणना कर लोगों को इस प्रक्रिया से जुड़ने का संदेश दिया। जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विज्ञापन


जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और जिले की विकास योजनाओं का आधार बनते हैं। इनके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और जनसुविधाओं की बेहतर रूपरेखा तैयार करने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से 16 से 30 नवंबर के बीच स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर मोबाइल फोन के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं।

उधर, विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इसमें बीडीओ, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की सीडीपीओ, सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारी शामिल हुए। सीडीओ ने बताया कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक खुद अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और दी गई जानकारी गोपनीय रहेगी। उन्होंने आमजन से भी इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
विज्ञापन



आज प्रधानों और निकाय प्रतिनिधियों की होगी स्वगणना
स्वगणना अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को ग्रामीण विकास और कृषि विभाग से जुड़े जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों की स्वगणना कराई जाएगी। इसमें जिले के सभी 16 विकासखंडों के ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, ग्रामसभा के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल होंगे।

विकासखंडों और कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी स्वगणना करेंगे। नगर पालिका परिषद गोंडा, करनैलगंज और नवाबगंज के अध्यक्ष, सभासद और कर्मचारी भी इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। नगर पंचायतों के अध्यक्षों, सभासदों और कर्मचारियों की भी स्वगणना कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें