गोंडा। जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समस्त अधिकारी अपने कार्यालय में समय से उपस्थित रहकर तथा सुबह ग्यारह बजे से दोपहर एक बजे तक जनता से मुलाकात करेंगे।
अधिकारी उनकी समस्याओं की सुनवाई व निपटारा भी करेंगे। इसके अलावा विभागीय अधिकारी अपने कार्यालय में कार्यरत समस्त कर्मियों की समय से एवं पूरे कार्यालय समय तक उपस्थिति सुनिश्चित कराएंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी जन सुनवाई के बाद हर रोज अपने अधीनस्थ कम से कम 01 कार्यालय का विस्तृत एवं गहन निरीक्षण करेंगे तथा निरीक्षण आख्या, संक्षिप्त पर बिंदुवार एवं निरीक्षण करते हुए अपने फोटोग्राफ सहित उन्हें उपलब्ध कराएंगे।
इसके अलावा कार्यालयाध्यक्ष अपने-अपने विभाग से संबंधित कम से कम एक निर्माणाधीन परियोजना का भी निरीक्षण कर आख्या मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से उन्हें उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि आदेश का शत प्रतिशत व कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए जरुरत के मुताबिक निरीक्षण भवन में स्थित जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी के कार्यालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कन्ट्रोल रूम द्वारा जनपद में विभिन्न विभागों, कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के लिए गठित जिला टास्क फोर्स, जनपद स्तरीय अधिकारियों की गठित टेक्निकल कमेटी से निरीक्षण कराने एवं रिपोर्ट प्राप्त कर पाई गई कमियों तथा कार्यवाही योग्य बिंदुओं के बारे में विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जाएगा।