गोंडा। अपर जिला जज नित्या पांडेय, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) शबीना खान और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अंकिता सिंह ने सोमवार को अयोध्या रोड स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह तथा पोर्टरगंज स्थित बालिका गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने आवास, भोजन, शिक्षा, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
राजकीय संप्रेक्षण गृह में किशोरों के रहने, भोजन और शिक्षा की व्यवस्था संतोषजनक मिली। न्यायिक अधिकारियों ने जिम्मेदारों को किशोरों की नियमित काउंसलिंग कराने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बालिका गृह के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बालिकाओं की देखभाल, सुरक्षा और दैनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रभारी को निर्देश दिया कि बालिकाओं को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।