तहसील करनैलगंज में ग्राम न्यायालय की स्थापना के विरोध में चल रहा वकीलों को आंदोलन 17वें दिन सोमवार को भी जारी रहा। अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट व दीवानी परिसर में जुलूस निकालकर सरकार विरोधी नारे लगाए। अधिवक्ताओं ने सभा कर मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का एेलान किया है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष माधवराज मिश्र एवं सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेन्द्र कुमार मिश्र की अगुवाई में दोनो बार संघों के महामंत्री रहस्य बिहारी मिश्र एवं आनन्दराज सिंह के साथ अधिवक्तओं ने कलेक्ट्रेट व दीवानी परिसर में जुलूस निकालकर सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
इसके बाद अधिवक्ताओं ने एनआईसी के सामने सभा की। जिसमें आंदोलन को और उग्र करते हुए मांगे पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया है। सभा को विनय कुमार मिश्र, कौशल किशोर पांडेय, सुरेन्द्र मिश्र, नागेन्द्र शर्मा, विजय सिंह, दीनानाथ त्रिपाठी, राहुल पांडेय आदि ने संबोधित किया।
बार एसोसिएशन के महामंत्री रहस्य बिहारी मिश्र ने कहा कि करनैलगंज में ग्राम न्यायालय की स्थापना जनता की भावना के विरुद्ध है और ग्राम न्यायालय एक्ट के प्रावधानों को पूरा नहीं करता है। इसलिए सरकार को ग्राम न्यायालय की स्थापना का नोटिफिकेशन वापस लेना चाहिए।