कार्यालय में जनसुनवाई करतीं मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल। स्रोत: विभाग
गोंडा। मंडलायुक्त कार्यालय में सोमवार को आयोजित मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद में विभिन्न जनपदों से आईं 40 महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सुनवाई के दौरान बहराइच से संबंधित एक प्रकरण में वर्ष 2025-26 के दौरान जारी आय प्रमाणपत्र नियमों के विपरीत पाया गया। जांच के बाद प्रमाणपत्र निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही संबंधित लेखपाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। अन्य आरोप जांच में निराधार पाए गए।
गोंडा की ग्राम पंचायत मेईपाठक निवासी ननका देवी की शिकायत पर जिला आपूर्ति विभाग ने जांच कर उन्हें छह यूनिट का पात्र गृहस्थी राशन कार्ड जारी कराया, जिससे उनकी लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान हो गया।
करनैलगंज तहसील के शाहजोत गांव निवासी रामलली की वरासत संबंधी शिकायत की जांच में पाया गया कि उनके पति की मृत्यु के बाद नियमानुसार पहले ही वरासत दर्ज की जा चुकी थी। जांच के दौरान रामलली ने स्वयं संतुष्टि व्यक्त करते हुए किसी प्रकार की शिकायत न होने की बात कही, जिसके बाद प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया। वहीं, नगर क्षेत्र की निवासी मनुप्रिया द्वारा सड़क पर बने नाली चैंबर को लेकर की गई शिकायत का भी पुलिस और प्रशासन की पहल पर आपसी सहमति से समाधान करा दिया गया।
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।