विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की एक बैठक रविवार को स्थानीय नार्मल स्कूल के प्रांगण में हुई। इसमें शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए आंदोलन की रणनीति तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष दिलीप चौहान ने कहा है कि शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण के मामले में बेसिक शिक्षा निदेशक दिनेश बाबू शर्मा ने फरवरी के प्रथम सप्ताह तक विज्ञापन प्रकाशित कराने का आश्वासन एसोसिएशन के प्रांतीय नेताओं को दिया है।
फरवरी माह के प्रथम सप्ताह तक विज्ञापन प्रकाशित न होने पर मध्य फरवरी में प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र शुक्ल ने कहा कि निरीक्षण के नाम पर शिक्षकों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
न्यायालय के सख्त निर्देशों के बावजूद शिक्षकों से एमडीएम संचालन, ड्रेस वितरण व भवन निर्माण जैसे गैर शैक्षणिक कार्य लिये जा रहे हैं जिससे शिक्षक विद्यालयों में अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर पाते हैं।
गैर शैक्षणिक कार्यों में कमी दिखाकर निलंबन व वेतन रोकने के नाम पर शिक्षकों से धन उगाही की जाती है। जिला महामंत्री सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि निरीक्षण के दौरान कोई भी अनियमितता मिलने पर शिक्षकों से उनका पक्ष व स्पष्टीकरण लेकर ही कार्रवाई की जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इन सभी समस्याओं को लेकर शीघ्र ही बीएसए एवं लेखाधिकारी को मांगपत्र सौंपा जाएगा। मांगपत्र पर प्रभावी कार्रवाई न होने की दशा में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में चंद्रेश मिश्रा, दुर्गेश वर्मा, अरुण तिवारी, राकेश कुमार, दिलीप यादव, राजेंद्र गुप्ता, नीरज द्विवेदी, विजय सिंह, अविनाश व सोमनाथ सिंह आदि शिक्षक मौजूद रहे।