गोंडा। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रस्तावित परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से तीन सदस्यीय निरीक्षण टीम का गठन किया है। यह टीम परीक्षा केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाओं की जांच करके दिशा-निर्देश देगी।
विश्वविद्यालय की ओर से एलबीएस पीजी कॉलेज सहित सभी संबद्ध महाविद्यालयों से परीक्षा कार्य में लगाए जाने वाले शिक्षकों की सूची मांगी गई है। इसमें कक्ष निरीक्षक, अतिरिक्त कक्ष निरीक्षक, केंद्र अधीक्षक व अन्य परीक्षा संबंधी दायित्व निभाने वाले शिक्षकों का विवरण शामिल है। एलबीएस कॉलेज के प्रवक्ता प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि समय रहते सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण व संग्रहण समेत अन्य व्यवस्थाओं की भी टीम द्वारा जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान यदि किसी केंद्र पर कमी पाई जाती है तो संबंधित महाविद्यालय को तत्काल सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।