गोंडा। जिले के 78 इंटर कॉलेजों में बुधवार को प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न हुईं। कुल 305 इंटर कॉलेजों में परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें अब तक 146 विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के उप सचिव डॉ. आरपी सिंह ने शहर के गांधी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा की पारदर्शिता, अनुशासन व व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
शहर फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज में बाह्य परीक्षक के तौर पर गोरखपुर के रेखा सिंह इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता ओम प्रकाश पाठक रहे। वहीं आंतरिक परीक्षक विनय कुमार और सौरभ कुमार सिंह ने छात्रों का साक्षात्कार लिया। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य एसके सिंह, हंसराज भारती, शालिनी मिश्रा, ऋषि शुक्ला आदि मौजूद रहे।