सब स्टेशन परसपुर में जले वैक्यूम सर्किट की जांच करती टीम व कटरा बाजार उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर
परसपुर/कटरा बाजार। जिले के दो विद्युत उपकेंद्रों में तकनीकी खराबी और ओवरलोड ने रविवार को हजारों उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी। परसपुर विद्युत उपकेंद्र पर बेगमगंज फीडर का वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) ब्लास्ट होने से करीब 30 हजार आबादी 14 घंटे तक बिजली संकट से जूझती रही। वहीं, कटरा ग्रामीण उपकेंद्र पर ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से करीब 50 हजार लोगों को निर्धारित 18 घंटे के बजाय मुश्किल से आठ घंटे बिजली मिल रही है।
परसपुर विद्युत उपकेंद्र पर शनिवार रात 11 बजे बेगमगंज फीडर का वैक्यूम इंटरप्टर अचानक ब्लास्ट होने से जल गया। इससे फीडर ट्रिप हो गया और करीब पांच हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय स्तर पर बिजली बहाल करने के प्रयास सफल नहीं हुए तो रविवार सुबह जिला मुख्यालय से तकनीकी टीम बुलाई गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वैक्यूम इंटरप्टर बदलकर दोपहर 01:10 बजे फीडर को दोबारा चार्ज किया गया और बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
अवर अभियंता विद्यासागर ने बताया कि परसपुर उपकेंद्र के आठ फीडरों में बेगमगंज फीडर पर सबसे अधिक विद्युत भार रहता है। अधिक लोड के कारण उपकरण पर दबाव बढ़ जाता है। तकनीकी खराबी दूर करने के बाद ही फीडर को सुरक्षित रूप से चालू किया गया।
उधर, कटरा ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र पर भी ओवरलोड की समस्या से ग्रामीण उपभोक्ता परेशान हैं। 10 एमवीए ट्रांसफार्मर से दुबहा, रामापुर, रंजीतपुर और परसियारानी फीडरों को बिजली आपूर्ति होती है, लेकिन क्षमता से अधिक लोड होने के कारण आपूर्ति बार-बार रोकनी पड़ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि 18 घंटे के रोस्टर के बावजूद उन्हें मुश्किल से आठ घंटे बिजली मिल रही है।
कटरा ग्रामीण उपकेंद्र के अवर अभियंता आदर्श ओझा ने बताया कि बिजनेस प्लान के तहत पांच एमवीए का नया ट्रांसफार्मर उपकेंद्र पर पहुंच चुका है। इसे चालू करने के लिए आवश्यक उपकरण लगाए जा रहे हैं। संभावना है कि 15 अगस्त तक नया ट्रांसफार्मर चालू हो जाएगा, जिससे ओवरलोड की समस्या काफी हद तक दूर होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में सुधार आएगा।
सब स्टेशन परसपुर में जले वैक्यूम सर्किट की जांच करती टीम व कटरा बाजार उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर