फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: भीषण उमस में बिजली संकट ने उड़ाई नींद

Fri, 17 Jul 2026 01:30 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
गोंडा के नवाबगंज विद्युत उपकेंद्र के फीडर।
विज्ञापन
गोंडा। भीषण उमस और गर्मी के बीच जिले में बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। नवाबगंज, खरगूपुर, इटियाथोक और परसपुर समेत कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा। कहीं हाईटेंशन लाइन का जंपर टूट गया तो कहीं रोस्टिंग, ओवरलोड और तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति बाधित रही। रातभर बिजली की आंख-मिचौली से लोगों की नींद उड़ गई।
विज्ञापन


नवाबगंज क्षेत्र में बुधवार रात करीब आठ बजे 33 केवी हाईटेंशन लाइन का जंपर टूटने से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब 45 मिनट बाद सप्लाई बहाल हुई, लेकिन रात 11:30 बजे फिर बिजली काट दी गई। इसके बाद पूरी रात कटौती और ट्रिपिंग का सिलसिला चलता रहा। सुबह महंगूपुर फीडर की आपूर्ति साढ़े चार घंटे तक बंद रही।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समय पर समाधान नहीं किया गया। अवर अभियंता अरुण कुमार ने ओवरलोड को कटौती का कारण बताया। खरगूपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब एक लाख उपभोक्ताओं को बुधवार रात करीब पांच घंटे बिजली संकट झेलना पड़ा। पहले रोस्टिंग और फिर 132 केवी बेंदुली उपकेंद्र से लाइन फेल होने के कारण आधी रात के बाद तक आपूर्ति बाधित रही। अवर अभियंता रवि वर्मा ने बताया कि लाइन फेल होने के कारण करीब तीन घंटे आपूर्ति बंद रही।
विज्ञापन


इटियाथोक क्षेत्र के 70 गांवों के 40 हजार से अधिक उपभोक्ता भी अघोषित कटौती से परेशान रहे। उपभोक्ताओं का कहना है कि 18 घंटे की निर्धारित आपूर्ति के मुकाबले चार से पांच घंटे ही बिजली मिल रही है। बार-बार ट्रिपिंग और छह घंटे तक आपातकालीन कटौती से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अवर अभियंता अंकुर सिंह ने 33 केवी लाइन पर ओवरलोड को इसकी वजह बताया।

ट्रिपिंग और कटौती से लोग परेशान
परसपुर कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार ट्रिपिंग और अघोषित कटौती से लोग परेशान रहे। व्यापारी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कई दिनों से स्थिति खराब है, लेकिन विभाग कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहा। लोगों ने नियमित आपूर्ति और ट्रिपिंग पर रोक लगाने की मांग की है।


परसपुर विद्युत उपकेंद्र के त्योरासी फीडर के ग्राम प्योली में 10 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमस भरी गर्मी में ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। अवर अभियंता विद्यासागर ने बताया कि शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलवाकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें