गोंडा। मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के जमुनही हरदो पट्टी ग्राम पंचायत के लोगों को लंबे इंतजार के बाद आखिरकार गांव तक पक्की सड़क की सौगात मिल गई।
विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने 4.70 करोड़ रुपये से बनने वाली सड़क का बुधवार को शिलान्यास किया। इससे करीब दो हजार की आबादी का आवागमन बेहतर हो सकेगा। लोगों ने कहा कि अब उन्हें बरसात के दिनों में चारपाई से मरीज को सड़क तक नहीं पहुंचाना पड़ेगा।
गोंडा-बलरामपुर मार्ग से जलालजोत होते हुए जमुनही हरदो पट्टी संपर्क मार्ग पर 4.95 किलोमीटर सड़क बनाने की शुरूआत बुधवार को हुई। पंचायत के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति फकीरचंद्र ने क्षेत्रीय विधायक की उपस्थित में फीता काटकर काम का शुभारंभ किया।
विधायक ने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। कुछ तकनीकी कारणों से इस सड़क के निर्माण में देरी जरूर हुई, लेकिन अब सभी मजरे व दो अन्य ग्राम पंचायत के लोगों का सफर आसान होगा।
ग्राम पंचायत के विकास सिंह ने कहा कि बरसात के दिनों में जब कोई बीमार पड़ता तो उसे चारपाई पर लेटाकर सड़क तक पहुंचाया जाता था।
लेकिन अब गांव तक एंबुलेंस व चार पहिया वाहन आसानी से पहुंच सकेंगे। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मंशाराम मिश्र, जुगुल किशोर मिश्र, दुर्गा प्रसाद पांडेय, रामकुमार पांडेय, विनय पांडेय आदि रहे।