टिकरी/गोंडा। मनकापुर के कुंजलपुर निवासी नवविवाहिता पूजा की हत्या के आरोपी राजकुमार सोनकर निवासी टपरा कॉलोनी रामापुर भगाही को पुलिस ने उमरिया हैड़िल तिराहा मोड़ के पास से रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर गन्ने के खेत से हत्या में प्रयुक्त प्लास्टिक की रस्सी बरामद की गई है। आरोपी को पुलिस ने रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह के मुताबिक आरोपी राजकुमार ने पूछताछ में बताया कि वह पूजा से बातचीत करता था। उसी से शादी भी करना चाहता था, लेकिन पूजा के परिवार वालों ने उसकी शादी कुंजलुपर निवासी सुभाष के साथ कर दी। शादी के बाद वह विदा होकर ससुराल चली गई। 14 जनवरी को मायके मैनपुर डंड़वा आई तो दूसरे दिन बृहस्पतिवार को उसे इसकी जानकारी हुई। उसने पूजा को फोन करके रामापुर टपरा गांव में चंद्र प्रताप सिंह के खेत में बुलाया और पुराने संबंधों को बरकरार रखने का दबाव बनाया, लेकिन पूजा ने इन्कार कर दिया। इसी पर वह आक्राेशित हो गया और प्लास्टिक की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद रस्सी को खेत में ही करीब 100 मीटर दूर फेंककर भाग गया।
पूजा को सात बार की थी कॉल
हत्या के बाद पुलिस ने जब राजकुमार और पूजा के मोबाइल की डिटेल खंगाली तो सुराग मिल गया। पता चला कि हत्या वाले दिन 15 जनवरी को राजकुमार और पूजा के बीच सात बार बातचीत हुई। इसी बातचीत में राजकुमार ने दबाव बनाकर पूजा को मिलने के लिए बुलाया था।
सवालों में घिरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट
गोंडा। दो बार हुए पूजा के पोस्टमार्टम में डॉक्टरों के अलग-अलग निष्कर्ष ने सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसी ही कई पोस्टमार्टम रिपोर्ट सवालों से घिरी हैं। ताजा मामले में मनकापुर के कुंजलपुर निवासी नवविवाहिता पूजा कश्यप का शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। हैंगिंग की रिपोर्ट आई तो सभी दंग रह गए। परिजनों के विरोध पर शनिवार को दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। तीन डाॅक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया तो पूजा की मौत गला घोंटने (स्ट्रगुलेशन) से होने की पुष्टि हुई।
मनकापुर के कुंजलपुर निवासी पूजा कश्यप (21) बृहस्पतिवार 14 जनवरी को मायके मैनपुर डंड़वा आई थीं। बृहस्पतिवार को वह गांव में निकली थीं। दूसरे दिन सुबह उनका शव रामापुर टपरा गांव के चंद्र प्रताप सिंह के गन्ने के खेत में मिला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया तो हैंंगिंग की रिपोर्ट आई। रिपोर्ट से परिजन संतुष्ट नहीं थे। पूजा के पति सुभाष के विरोध जताने के बाद तीन डॉक्टरों के पैनल से दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया तो गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। इस पर परिजनों के साथ लोग सवाल कर रहे हैं कि पोस्टमार्टम के मामलों में रिपोर्ट पर भला किस तरह भरोसा किया जाए।
पैसे लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलने का आरोप
पोस्टमार्टम हाउस में शव की चीरफाड़ के बाद कई डॉक्टर तो देखते तक ही नहीं हैं। सहायक के बताने पर ही रिपोर्ट तैयार करते हैं। इसका सिर्फ एक कारण है डॉक्टर भ्रष्टाचार में डूबे हैं, पैसे लेकर रिपोर्ट तैयार करते हैं। इसकी सच्चाई पूजा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आई है। पहले पोस्टमार्टम में हैंगिंग और दोबारा में गला घोंटने से मौत। यह दो अलग रिपोर्ट डॉक्टरों की विश्वसनीयता पर सवाल है।
दीनानाथ त्रिपाठी, अधिवक्ता