गोंडा। जिले में कोई भी राजनीतिक दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नहीं तैनात कर सका है। जबकि मतदाता पुनरीक्षण का काम तेजी से शुरू हो गया।
सोमवार को निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नए सिरे से निर्धारित मतदेय स्थलों की प्रस्तावित सूची राजनीतिक दलों को सौंप दी जाएगी। वर्तमान में जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्र के कुल 1,661 मतदान केंद्रों पर 2,726 मतदेय स्थल निर्धारित हैं। इसके साथ ही पंजीकृत 25.52 लाख मतदाताओं का विशेष गहन पुनरीक्षण का काम तेजी से चल रहा है। इसी तरह से कांग्रेस ने गौरा विधानसभा में 356 बीएलए तैनात किया। निर्वाचन कार्यालय में एक भी बीएलए की तैनाती की सूचना नहीं दी गई। इसी तरह बसपा और सीपीआईएम की ओर से भी एक भी बीएलए तैनात नहीं किया जा सका है। अधिकारियों का कहना है कि निर्वाचन आयोग की ओर से सभी दलों से बीएलए नियुक्त करने के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय में सूची सौपने की अपील की थी। भाजपा के मीडिया प्रभारी राघवेंद्र ओझा का कहना है कि पहले से पार्टी के बीएलए सभी बूथ पर तैनात हैं।
1,200 मतदाताओं पर मतदेय स्थलों का प्रस्ताव तैयार
एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि कुल 1,200 मतदाताओं पर नए सिरे से मतदेय स्थलों का निर्धारण किया गया। सभी सातों विधानसभा में प्रस्तावित मतदेय स्थलों की सूची तैयार की गई। सोमवार को मतदेय स्थलों की प्रस्तावित सूची सभी राजनीतिक दलों को सौंप दी जाएगी। आगामी 18 नवंबर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों व संबंधित क्षेत्र के विधायक व सांसद के साथ बैठक की जाएगी।