रात दिन ड्यूटी में जुटे पुलिसकर्मियों के अच्छे दिन अब आने वाले है। जिले के पुलिस कर्मियों को शीघ्र ही साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा। स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। थानों व बैरकों में मनोरंजन के लिए टीवी की व्यवस्था की जाएगी। काम का तनाव कम करने के लिए पुलिस कर्मियों को शीघ्र योग तथा ध्यान की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
विदित हो कि जिले में तैनात पुलिस कर्मी लगातार ड्यूटी करने के कारण तनाव तथा थकान में शिकार है। पुलिस कर्मियों को निजी तथा पारिवारिक काम के लिए जल्दी अवकाश भी नहीं मिल पा रहा है।
यही नहीं ड्यूटी के चलते पुलिस कर्मी अच्छे अस्पतालों में अपनी बीमारी का इलाज भी नहीं करा पा रहे है। इन्हीं सारी दिक्कतों को देखते हुए विभागीय उच्चाधिकारियों ने शासन के निर्देश पर मातहतों के वेलफेयर की दिशा में कई तरह की सहूलियतें देने की कवायद प्रारंभ कर दी है।
पुलिस कर्मियों को शीघ्र ही साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा ताकि वह अपना तथा परिवार को निजी काम भी आसानी से कर सकें। बेहतर सेहत के लिए पुलिस लाइंस तथा थानों में विशेषज्ञ डाक्टरों का कैंप लगाकर कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा।
कर्मियों का मानसिक तनाव कम करने के लिए पुलिस लाइंस तथा थानों में योग व ध्यान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। पुलिस कर्मियों के मनोरंजन के लिए थानों व बैरकों में टेलीविजन आदि भी लगाए जाएंगे।
वेलफेयर की सुविधा मिलने की जानकारी होने पर पुलिस कर्मी ओपी सिंह, एमएम तिवारी व आरपी यादव आदि ने बताया कि साप्ताहिक अवकाश मिलने तथा अन्य सुविधाओं के मिलने से बड़ी राहत मिलेगी। हम लोग नौकरी के साथ-साथ परिवार तथा रिश्तेदारों के लिए भी समय निकाल पाएंगे।
साप्ताहिक अवकाश तथा अन्य वेलफेयर सुविधाओं के लागू होने पर जिले के करीब एक हजार पुलिस अधिकारी व कर्मी लाभान्वित होंगे। इन लोगों को छुट्टी के साथ-साथ मेडिकल चेकअप, योग ध्यान व मनोरंजन आदि की सुविधा मिलेेगी।
एसपी बलरामपुर राजीव मल्होत्रा ने कहा कि पुलिस कर्मियों में ड्यूटी का तनाव व थकान कम करने के लिए शीघ्र ही साप्ताहिक अवकाश देने का काम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा मेडिकल चेकअप, योग व ध्यान का प्रशिक्षण तथा मनोरंजन के लिए टीवी सेट आदि लगाने का काम भी किया जाएगा।