गोंडा। पुलिस लाइंस के रेडियो शाखा में तैनात एक सिपाही बुधवार की सुबह जानकी नगर के रानीपुरवा स्थित किराए के मकान में मृत अवस्था में पाया गया। लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सिपाही को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिपाही के शव को जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखवा दिया गया है।
संतकबीर नगर के बखिरा थाना क्षेत्र के ढोढ़िया गांव का रहने वाला योगेन्द्र कुमार (34) पुलिस लाइंस की रेडियो शाखा में तैनात था। वह शहर से सटे जानकी नगर के रानीपुरवा में किराए का मकान लेकर रहता था। मंगलवार की रात ड्यूटी से आने के बाद वह अपने किराए के मकान में सो रहा था।
मगर वह बुधवार की सुबह जब सोकर नहीं उठा तो लोग उसे जगाने पहुंचे तो मृत अवस्था में पाया गया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार, कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक आलोव राव मौके पर पहुंचे और सिपाही योगेन्द्र को जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिपाही के शव को जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद उसके पैतृक गांव भेजा जाएगा।