मुजेहना l रेतवागाड़ा खलिया गांव में शुक्रवार को मस्जिद के बाहर शामियाना लगाकर अलविदा की नमाज अदा करने की कोशिश कर रहे नमाजियों को पुलिस ने रोक दिया। इससे नमाजियों को लौटना पड़ा।
गांव के आजाद खां ने बताया कि शुक्रवार को गांव की मस्जिद में अलविदा की नमाज होनी थी। इसके लिए मस्जिद कमेटी के लोगों ने बाहर शामियाना लगाकर तैयारी की थी। दोपहर में नमाज के वक्त खलिया, गैवारजोत, पुरैनिया, शुक्लागंज हसीबगंज, झपट पुरवा, मदारपुरवा के नमाजी पहुंचे। अलविदा ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मियों ने इंस्पेक्टर को मस्जिद के बाहर शामियाना लगाकर नमाज अदा करने की तैयारी की सूचना दी। पुलिस बल के साथ इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और नमाजियों को बताया कि सार्वजनिक स्थल पर नमाज अदा करने की इजाजत नहीं है। इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि नमाजियों को समझाया गया कि मस्जिद के अंदर ही नमाज पढ़ें। इसके बाद शामियाना हटवा दिया गया।