परसपुर (गोंडा)। शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर शुक्रवार को परसपुर के ग्राम बनवरिया के गूंगी भवानी स्थान पर प्रसाद वितरण के दौरान पुलिस के हस्तक्षेप से लोग आक्रोशित हो गए। पुलिस ने पहले पंडाल में लाउडस्पीकर पर बज रहे भजन की आवाज कम करने को कहा, जिसे लोगों ने कम कर दिया। इसके बाद पूरी तरह बंद करने को कहा। इस पर लोगों ने लाउडस्पीकर तो बंद कर दिया मगर परसपुर-बालपुर मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में थानाध्यक्ष ने समझाकर जाम खुलवाया।
ग्राम बनवरिया के गूंगी भवानी स्थान पर शुक्रवार को प्रसाद वितरण के दौरान लाउडस्पीकर पर भजन बज रहे थे। गांव के राजेश अवस्थी ने बताया कि पहले पुलिसकर्मी आए और उन्होंने आवाज कम करने को कहा। जिसे कम कर दिया गया, इसके बाद फिर नमाज का हवाला देते हुए कहा कि साउंड बंद कर दीजिए। गांव के हिमांशु अवस्थी, योगी नंदन अवस्थी आदि का कहना है कि आवाज कम करना ठीक था, लेकिन भजन बंद कराने से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिसकर्मी बार-बार आयोजन में बाधा डाल रहे थे। इसलिए सड़क जाम करके विरोध किया गया।
थानाध्यक्ष दिनेश सिंह का कहना है कि नमाज के समय डीजे बज रहा था। इसकी शिकायत पर डीजे बंद कराया गया था। फिर भी अगर किसी को कोई शिकायत है तो थाने आकर अपनी बात कह सकता है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जाम खत्म करा दिया गया है। शांति व्यवस्था कायम है।