गोंडा। वजीरगंज कस्बे के हाथी दूबेपुरवा की रहने वाली आरती ने शुक्रवार रात नौ बजे यूपी 112 पर सूचना दी कि उसके पड़ोस के बसंतीपुरवा के रहने वाले आशीष, लौव्वावीरपुर अलगटवापुर थाना नवाबगंज के संदीप व प्रदीप ने उसके भाई संजय कुमार उर्फ ढिल्लर का अपहरण कर लिया है। अपहरण की सूचना पर सक्रियता दिखाते हुए नवाबगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष अनंत कुमार सिंह, वजीरगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह व क्षेत्राधिकारी संजय तलवार ने संजय की तलाश शुरू कर दी। पुलिस हर मोड़, चौराहे पर सक्रिय हो गई। देर रात तीन बजे नवाबगंज कोल्ड स्टोर के सामने संजय नशे की हालत में दिखा। पुलिस ने उसे सकुशल पाकर राहत की सांस ली और शराब न पीने की हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि संजय से पूछताछ में पता चला कि चारों ने मिलकर नवाबगंज के ढाबे पर शराब पी और खाना खाया। बताया कि संजय अधिक नशे में था इसलिए उसके साथी कोल्ड स्टोर के सामने छोड़कर चले गए।