प्रत्येक पाली में 11,304 अभ्यर्थी शामिल होंगे। दो दिनों की परीक्षा के दौरान कुल 45,216 अभ्यर्थी पुलिस भर्ती परीक्षा देंगे। इसके लिए प्रशासन स्तर से तैयारी की गई है।
प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक शैलेश कुमार पटेल ने बताया कि जिले में 17 और 18 फरवरी को दो पालियों में यूपी पुलिस भर्ती कांस्टेबल परीक्षा कराई जाएगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही स्टेटिक व 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक बाहर से लगाए जाएंगे।
यातायात समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के लिए तैयारी की जा रही है। इस बार करनैलगंज, मनकापुर और तरबगंज के कॉलेजों को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए 112 पुलिस समेत जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। वहीं मंगलवार को कलेक्ट्रेट में डीएम नेहा शर्मा ने पुलिस भर्ती कांस्टेबल परीक्षा सकुशल कराने के लिए जिम्मेदारी तय की।
1483 छात्रों ने दी मदरसा शिक्षा बोर्ड की परीक्षा, 278 ने छोड़ी
गोंडा। शहर के बड़गांव स्थित सदरूल उलूम रेलवे मस्जिद और रघुराजनगर माधवपुर के दारूल उलूम मखदूनियां लतीफिया मदरसा समेत 14 केंद्रों पर मदरसा बोर्ड की सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी, कामिल और फाजिल की परीक्षा कराई गई। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कुल 1761 अभ्यार्थियों के सापेक्ष कुल 1483 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 278 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रमेश चंद्र ने बताया कि पहले दिन सकुशल परीक्षा कराई गई है। पहली पाली में 1044 तो दूसरी पाली में 717 अभ्यर्थियों की परीक्षा कराई गई है। कुल मिलाकर 1483 छात्र उपस्थित हुए। लखनऊ मदरसा शिक्षा परिषद से सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से केंद्रों की निगरानी की गई। सचल दलों के साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट स्तर पर नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए मुस्तैदी बरती गई है।
40 में से छह ने छोड़ी परीक्षा
रुपईडीह (गोंडा)। मदरसा इस्लामिया सरफराजिया कुरऑनिया मौलागंज झालीधाम में मंगलवार को 40 परीक्षार्थियों में छह परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। विद्यालय के प्रबंधक नौमान खान व मो. आरिफ खान ने बताया कि मंगलवार को प्रथम पाली में परीक्षा थी। परीक्षा में सख्ती के चलते 40 बच्चों में से छह बच्चों ने परीक्षा छोड़ दी है। विद्यालय में परीक्षा 22 फरवरी तक परीक्षा होगी।