शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में पुलिस भर्ती परीक्षा के तैयारियों का जायजा लेते एसपी विन
गोंडा। कड़ी सुरक्षा के बीच दो दिवसीय उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा शनिवार 14 मार्च को शुरू होगी। जिले में इसके लिए बनाए गए 14 परीक्षा केंद्रों पर 19,200 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रशासन व पुलिस ने सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजाम किए हैं। परीक्षा संबंधित सहायता के लिए कलेक्ट्रेट में एक कंट्रोल रूम भी क्रियाशील रहेगा। किसी भी तरह की परेशानी होने पर फोन नंबर 05262-230125, 05262-358560 पर संपर्क किया जा सकता है।
परीक्षा तैयारियां परखने के लिए शुक्रवार को देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक, एसपी विनीत जायसवाल ने शहर के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर प्रवेश व्यवस्था, सीसीटीवी से निगरानी, बैठने की व्यवस्था और पुलिस फोर्स की पर्याप्त संख्या में तैनाती किए जाने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि नकलविहीन माहौल में परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 14 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। यह परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10:00 से 12:05 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 से 5:05 बजे तक आयोजित होगी।