तरबगंज। कोतवाली तरबगंज के प्रभारी निरीक्षक पर राजस्वकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में जांच शुरू कर दी गई है। लेखपाल संघ की शिकायत पर एसडीएम विश्वमित्र ने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी को सौंप दी है। लेखपाल संघ के तहसील मंत्री रामेश्वरदत्त तिवारी ने एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि तरबगंज कोतवाल राजस्वकर्मियों के साथ सहयोग नहीं करते और कई बार अभद्र व्यवहार करते हैं। क्षेत्राधिकारी उमेश्वर प्रभात सिंह ने बताया कि एसडीएम का पत्र प्राप्त हुआ है और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।