गोंडा। व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। जातीय घृणा और एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ उकसाने वाली पोस्ट के मामले में इटियाथोक, करनैलगंज और तरबगंज थानों में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया की निगरानी भी बढ़ा दी है।
सहायक पुलिस अधीक्षक अभिषेक दवाच्या ने बताया कि इटियाथोक थाने में काजल सिंह के खिलाफ एक जाति विशेष के विरुद्ध वैमनस्यता और जातिगत घृणा फैलाने संबंधी पोस्ट करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। एक समुदाय को दूसरे समुदाय के खिलाफ उकसाने संबंधी पोस्ट के मामले में कृष्ण कुमार निषाद के खिलाफ करनैलगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ तरबगंज डॉ. उमेश्वर प्रभात सिंह ने बताया कि ऐसी ही पोस्ट करने के आरोप में राम किशुन के खिलाफ तरबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आपत्तिजनक, भड़काऊ और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी पोस्ट को साझा या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की है। माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।