शिविर में पीएनजी के बारे में जानकारी लेते उपभोक्ता।
गोंडा। जिले में लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की आपूर्ति प्रभावित होने पर अब लोगों का रुझान पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की ओर बढ़ा है। पीएनजी गैस आपूर्ति करने वाली टोरेंट कंपनी के कार्यालय में कनेक्शन लेने के लिए आवेदकों की संख्या अचानक चार गुना तक बढ़ गई है। पहले प्रतिदिन 10 से 15 आवेदन आते थे। वहीं शनिवार को एक ही दिन में करीब 60 लोगों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है।
शहर में टोरेंट कंपनी के माध्यम से पाइप्ड नेचुरल गैस की आपूर्ति की जा रही है। कंपनी के माध्यम से आवास विकास कॉलोनी, बूढ़ादेवर, गिर्द गोंडा, आजाद नगर कॉलोनी, जानकीनगर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र, विष्णुपुरी, राजा मोहल्ला, महाराजगंज, पटेलनगर, महारानीगंज, छेदीपुरवा और गायत्रीपुरम सहित कई इलाकों में पाइपलाइन के जरिये पीएनजी उपलब्ध कराई जा रही है। एलपीजी सिलिंडर की रिफिलिंग में आ रही दिक्कतों के चलते लोग अब पीएनजी को बेहतर विकल्प मान रहे हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी ने त्वरित कनेक्शन देने के लिए अलग से टीम भी गठित कर दी है। आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित 590 रुपये का पंजीकरण शुल्क जमा करने पर उपभोक्ताओं को घर बैठे कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
3810 घरेलू व 15 व्यावसायिक उपभोक्ता ले रहे लाभ
जिले के विभिन्न इलाकों में करीब 90 हजार घरों तक पाइपलाइन पहुंच चुकी है। इनमें अब तक 3810 घरेलू और 15 व्यावसायिक कनेक्शन दिए जा चुके हैं। टोरेंट कंपनी के मार्केटिंग ऑफिसर दिलीप मिश्र ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को 48.50 रुपये प्रति एससीएम (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर) की दर से पीएनजी उपलब्ध कराई जा रही है। पंजीकरण व अन्य जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800123567890 या 9695300505 पर संपर्क कर सकते हैं।