मनकापुर/पसका/गोंडा। मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शुक्रवार को आयोजित खेल दिवस पर विभिन्न स्कूलों व स्टेडियम में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अव्वल खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
आरपी आदर्श इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई। कहा कि खेलकूद जीवन के लिए बहुत जरूरी है। मोबाइल गेम के बजाय आउटडोर गेम खेलने की आदत डालें। इससे शरीर स्वस्थ रहने के साथ ही स्वस्थ मानसिकता का विकास होगा। इसके बाद युवक मंगल दल और महिला मंगल दल की सदस्य कल्पना, अंजू, अनीश, संदीप, विजय, विकास को खेलकूद किट प्रदान की गई। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र, पूर्व ब्लाॅक प्रमुख यूपी सिंह, ब्लाॅक प्रमुख जगदेव चौधरी, बाबूलाल शास्त्री, नीरज पटेल, राज्यमंत्री के प्रतिनिधि राजेश सिंह, गन्ना समिति अध्यक्ष भारत सिंह, चेयरमैन दुर्गेश सोनी, वैभव सिंह, केके सिंह, सुधांशु गुप्त, प्रदीप गुप्ता, बीडीओ गौरीशा श्रीवास्तव, जिला युवा कल्याण अधिकारी राजित राम कनौजिया, प्रधानाचार्य रविशंकर आदि मौजूद रहे।
वहीं, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, डीएम प्रियंका निरंजन, गोंडा सांसद के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र, कैसरगंज सांसद के प्रतिनिधि सोनू सिंह, संदीप पांडेय ने किया। कार्यक्रम में ताइक्वांडो खिलाड़ी वैष्णवी चौधरी को सम्मानित किया गया। हाॅकी प्रतियोगिता में आठ टीमों ने हिस्सा लिया। ताइक्वांडो प्रशिक्षक प्रत्यूषराज ने बताया कि फाइनल मुकाबला खेलो इंडिया सेंटर गोंडा बनाम नेहरू स्टेडियम गोंडा के मध्य खेला गया। इसमें खेलो इंडिया सेंटर ने 0-4 से जीत हासिल की। उप जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे।
यहां भी हुईं प्रतियोगिताएं
सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शारीरिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में कक्षा 11 व 12 के बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य पायल दुबे ने विजेताओं को सम्मानित किया। सुवंश मिलेनियम पब्लिक स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता में रमन हाउस को पहला व आर्यभट्ट को दूसरा स्थान मिला। प्रधानाचार्य रीना तिवारी, डॉ. दिव्या सिंह, शाहीन बेबी, दीपक पाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
परसपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय प्योली में कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन आदि खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर में ऊंची कूद में राजेश कुमार व आलोक कुमार ने विजय प्राप्त की। 100 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में मुस्कान और खुशी जबकि बालक वर्ग में राजेश और अमित ने जीत दर्ज की।
सम्मानित हुए ताइक्वांडो खिलाड़ी
गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन ने ताइक्वांडो के बेल्ट प्रमोशन टेस्ट के सफल प्रतिभागियों को गांधी पार्क में मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यलो बेल्ट में आदित्य पांडेय, अब्दुल रहीम, धीरेंद्र कुमार, आयत, आराध्या भारती, अंशिका सरोज, अब्दुल हादी खान, देवेंद्र कुमार, रिधान अनुष्का गुप्ता, आर्यन गुप्ता, ग्रीन बेल्ट में ओजस, आद्विक पांडेय, सक्षम वर्मा, ग्रीन वन में वैष्णवी द्विवेदी, जानवी मिश्रा, अनामिका भारती, नव्या दूबे, अक्षिता मिश्रा सहित अन्य शामिल रहे।