गोंडा। विकास कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की ब्लॉकवार समीक्षा के क्रम में बुधवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सर्किट हाउस में चार ब्लाकों के विकास की समीक्षा की। एक दिवसीय समीक्षा के तृतीय चक्र में प्रभारी मंत्री ने विकासखंड पडरीकृपाल, परसपुर, इटियाथोक तथा मुजेहना ब्लॉक की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सरकार की योजनाएं जन-जन तक पहुंचाएं अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में फूलों की खेती करने वालों एवं स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित किया जाय। सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन में स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित फूल की खरीद की जाय। उन्होंने निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी सरकारी भवनों तक पहुंचने के एप्रोच मार्गों को प्राथमिकता के आधार दुरुस्त कराया जाय। अधिकारी इस बात का प्रयास करें कि अच्छा कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों के कार्यों का उदाहरण अन्य समूहों के लिए प्रस्तुत कराएं ताकि वे भी उनसे प्रेरित हो सकें। शासकीय योजनाओं व कार्यक्रमों से लाभान्वित करने के लिए आयोजित समारोहों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को अवश्य आमंत्रित किया जाए।
समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री द्वारा स्वयं सहायता समूहों तथा महिलाओं के स्वावलंबन एवं रोजगार सृजन पर विशेष बल दिया गया। प्रभारी मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास मुख्यमंत्री आवास मनरेगा, चतुर्थ राज्य वित्तए तेरहवां, विभिन्न वित्त आयोगों की प्रगति रिपोर्ट समेत कई विभागों की समीक्षा की।
सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत भवन के निर्माण को लेकर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में तेजी लाई जाए। किसान सम्मान निधि की समीक्षा के दौरान उन्होंने उप निदेशक कृषि को निर्देशित किया कि जितने भी आवेदन किसान सम्मान निधि के लंबित हैं, उनकी पात्रता का परीक्षण कराकर 15 दिनों में सभी पात्र कृषकों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
विधायक सदर प्रतीक भूषण सिंह, जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, सीडीओ शशांक त्रिपाठी, एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सूरज पटेल, प्रशिक्षु एसडीएम आत्रेय मिश्रा व आकाश सिंह, सभी खण्ड विकास अधिकारी व प्रभारी चिकित्सा अधीक्षकगण, महामंत्री राकेश तिवारी, उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, विष्णु प्रताप नरायण सिंह, अनुपम प्रकाश मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समस्त विभागों के जनपद स्तरीय व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा लाभार्थी उपस्थित रहे।