चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. एसपी यादव के विधानसभा क्षेत्र में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नचौरा आए दिन बंद रहता है। इससे क्षेत्र के करीब 20 हजार लोगों को इलाज के लिए भटकना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने सीएमओ से मामले की जांच कराकर पीएचसी के नियमित संचालन की मांग की है।
गुरुवार को क्षेत्रवासी राजू मिश्र, बब्बू, मोल्हू, गोपाल, अंगद, रजनी, सलीम, हुसैनी, शिवकुमार आदि ने बताया कि नचौरा पीएचसी में लक्ष्मीनगर, सूरतसिंह डीह, नचौरा, कठौवा, रमनगरा, खैरहवा, कटोहा, नथईडीह समेत करीब 40 गांवों की 20 हजार आबादी इलाज कराने आती है।
इन लोगों का आरोप है कि ये स्वास्थ्य केंद्र आए दिन बंद रहता है। ऐसे में मरीजों को मजबूरन झोलाछाप से इलाज कराना पड़ता है। इन लोगों का कहना है कि पीएचसी में तैनात डॉक्टर व कर्मी कभी-कभार यहां आकर उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर कर चले जाते हैं।
ग्रामीणों ने सीएमओ से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन नियमित करने तथा यहां तैनात डॉक्टर व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस बारे में सीएमओ डॉ. आशुतोष गुप्ता ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।