गोंडा। ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए संभागीय परिवहन विभाग तीन नए रूटों पर यात्री वाहनों का परमिट जारी करेगा। इससे नए रूटों पर छोटे वाहनों के साथ ही बसों का भी संचालन होगा।
संभागीय परिवहन विभाग ने गोंडा सेंटर के लिए 275, इटियाथोक, मनकापुर, करनैलगंज व नवाबगंज के लिए सौ-सौ, तरबगंज के लिए 50 व वजीरगंज के लिए 30 वाहनों को रूट परमिट जारी कर रखा है। तीन रूटों पर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए परिवहन विभाग ने बहराइच रोड के आर्यनगर सेंटर, करनैलगंज के चौरी चौराहा व मनकापुर के गौराचौकी सेंटर के लिए 50 फीसदी रूट परमिट जारी करने का निर्णय लिया है। माह के अंतिम सप्ताह में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में होने वाली आरटीए (संभागीय परिवहन प्राधिकरण) की बैठक में नए रूट परमिट पर चर्चा के बाद मुहर लगेगी। इसके बाद नए रूटों के लिए आरटीए के सचिव एवं आरटीओ प्रशासन परमिट जारी करेंगे।
प्रभारी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि तीन नए रूट पर यात्री वाहनों को परमिट देने की तैयारी की गई है। आरटीए की बैठक में इस पर मुहर लगेगी।