अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की मांग को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट में परिषदीय शिक्षकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भी प्रभारी डीएम को सौंपा। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो वह लोग 4 मार्च को लखनऊ में आंदोलन करेंगे।
कलेक्ट्रेट में शिक्षित-प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक एसोसिएशन के बैनर तले जुटे सैकड़ों शिक्षकों ने मंगलवार को अंतर्जनपदीय ट्रांसफर के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। एसोसिएशन के संयोजक सच्चिदानंद सिंह तथा अध्यक्ष राघवेंद्र उपाध्याय ने कहा कि वर्ष 2013 से शिक्षकों के अंतर्जनपदीय ट्रांसफर पर सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया है।
जिले में करीब 500 शिक्षक ऐसे है जो गैर जनपद के रहने वाले हैं। दूर तैनाती होने के कारण शिक्षकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षिकाओं को सुदूर जनपद में तैनाती होने से अधिक परेशानी हो रही है। शिक्षक नेता राज कुमार वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही शिक्षकों की अंतर्जनपदीय ट्रांसफर नीति व अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार करे।
इन लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने शीघ्र ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया तो वह लोग आगामी 4 मार्च को लखनऊ में आंदोलन के लिए विवश होंगे। प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन प्रभारी डीएम एसडीएम केएन गुप्ता को सौंपा।
इस अवसर पर विकास पांडेय, दिनेश कुमार, आनंद यादव, उमेशकांत सिंह, शिव नारायण सिंह व संतोष निषाद सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे।