गोंडा। गर्मी बढ़ते ही बिजली की कटौती का दौर शुरू हो गया है। रविवार को कटौती के कारण लोगों को काफी दिक्कतें हुईं। सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक कटौती के लिए विभाग ने शेड्यूल जारी किया था, लेकिन शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई। इससे भीषण गर्मी में लोग परेशान हो गए। उपकेंद्र पहुंचकर लोगों ने जानकारी हासिल की।
आंबेडकर चौराहा विद्युत उपकेंद्र की ओर से रविवार को सिंचाई विभाग के सामने लाइन दुरुस्त करने के लिए शेड्यूल जारी किया गया था। सुबह नौ से दोपहर में तीन बजे तक कटौती की जानी थी। लेकिन विभाग शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं कर पाया। ऐसे में लोगों के इन्वर्टर तक बैठ गए। पंखे की हवा तक नहीं मिल पाई। अवर अभियंता एसपी मिश्रा ने बताया कि कार्य पूरा हो गया है। शाम करीब छह बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई है। सोमवार व मंगलवार को भी लाइन दुरुस्त कराई जाएगी।